मोरीगांव के विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता : अजंता नेओग
मोरीगांव (असम), 11 जून (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास तथा पर्यटन मंत्री एवं मोरीगांव जिले की संरक्षक मंत्री अजंता नेओग ने गुरुवार को जिला आयुक्त कार्यालय में आयोजित जिला विकास समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी सरकारी परियोजना की गुणवत्ता से समझौता न किया जाए तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 तक स्वीकृत सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने मोरीगांव मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को अगले वर्ष मार्च तक पूरा करने तथा वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच स्वीकृत सभी सड़कों का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
नेओग ने जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान बाढ़ एवं कटाव नियंत्रण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों के समयबद्ध निर्माण, पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत बनाने तथा मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए व्यापक योजना तैयार करने पर भी जोर दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रमों को और व्यापक बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मोरीगांव नगर बोर्ड की आय बढ़ाने, स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले को राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल करने का आह्वान किया।
बैठक में मोरीगांव के विधायक रामाकांत देउरी, लाहरीघाट के विधायक डॉ. आसिफ मोहम्मद नजर, जिला आयुक्त अनामिका तिवारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

