home page

अंबुबासी मेले में आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना : मुख्यमंत्री

 | 
अंबुबासी मेले में आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना : मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 18 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि गुवाहाटी के नीलाचल पर्वत स्थित मां कामाख्या धाम विश्वभर के श्रद्धालुओं के विशाल समागम के साथ इतिहास रचने के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के अपने आधिकारिक हैंडल पर जारी एक संदेश में कहा कि अंबुबासी मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए उन्नत आधारभूत संरचना और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले में आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की यह बड़ी संख्या असम की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव को नई ऊंचाई प्रदान करेगी। अंबुबासी मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है।

डॉ. सरमा ने असमवासियों की ओर से मां कामाख्या के सभी भक्तों का हार्दिक स्वागत करते हुए उन्हें इस पावन आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश