home page

मोरान स्वायत्त परिषद चुनाव के लिए प्रारूप मतदाता सूची 4 दिसंबर को होगी प्रकाशित

 | 

गुवाहाटी, 18 नवंबर (हि.स)। असम राज्य निर्वाचन आयोग ने आगामी मोरान स्वायत्त परिषद के आम चुनाव को लेकर मतदाता सूचियों की तैयारी और प्रकाशन का कार्यक्रम घोषित किया है। इसके अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची 4 दिसंबर को और अंतिम मतदाता सूची 28 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।

आयोग की ओर से 17 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, मतदाता सूची तैयार करने के लिए योग्यता तिथि 1 जनवरी, 2026 निर्धारित की गई है। संबंधित जिला आयुक्त मोरान स्वायत्त परिषद (निर्वाचन) नियम, 2021 के प्रावधानों के तहत मतदाता सूचियां तैयार करेंगे।

निर्वाचन आयोग ने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को 10 फरवरी, 2026 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशित विधानसभा मतदाता सूची के संबंधित हिस्सों को अलग कर परिषद के निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची तैयार करने का निर्देश दिया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 17 से 23 नवंबर तक मास्टर डेटा प्रविष्टि और निर्वाचन क्षेत्रों का मानचित्रण किया जाएगा। वहीं, 23 नवंबर से 3 दिसंबर तक मतदाताओं के नाम शामिल करने और हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

प्रारूप मतदाता सूची 4 दिसंबर को प्रकाशित होगी। इस पर दावे और आपत्तियां 18 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 24 दिसंबर तक किया जाएगा, जिसके बाद 28 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया 10 फरवरी, 2026 को प्रकाशित और वर्तमान में लागू विधानसभा मतदाता सूची के आधार पर संपन्न की जाएगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश