सोनापुर स्थित एसएसबी की पहली बटालियन में मासिक सैनिक सम्मेलन आयोजित
गुवाहाटी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पहली बटालियन, सोनापुर के बटालियन परिसर में सितंबर 2026 का मासिक सैनिक सम्मेलन गुरुवार को आयोजित किया गया। सम्मेलन का आयोजन द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट इबोचौबा सिंह के मार्गदर्शन में हुआ।
सम्मेलन की शुरुआत एसएसबी गीत के साथ हुई। इसके बाद उप कमांडेंट एवं क्वार्टरमास्टर वीरेंद्र सिंह मेहरा ने पिछले सैनिक सम्मेलन में उठाए गए विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की और उनके समाधान की दिशा में हुई प्रगति से कार्यवाहक कमांडेंट को अवगत कराया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को उनके समर्पण एवं योगदान के लिए प्रशंसा तथा प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इंस्पेक्टर (मिनिस्ट्रियल) राजेंद्र प्रसाद को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए इबोचौबा सिंह ने बटालियन के सभी रैंकों के बीच आपसी समझ, समन्वय और प्रभावी संवाद के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सैनिक सम्मेलन ऐसा महत्वपूर्ण मंच है, जहां जवान अपनी समस्याएं, कठिनाइयां और सुझाव सीधे कमांडेंट अथवा कार्यवाहक कमांडेंट के समक्ष रख सकते हैं, ताकि नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने सभी कर्मियों से अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति सतर्क, सजग एवं समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बटालियन की सुरक्षा, अनुशासन और परिचालन दक्षता बनाए रखने के लिए नियमित गतिविधियां आवश्यक हैं तथा इन कार्यों की सफलता में प्रत्येक अधिकारी और जवान का सहयोग महत्वपूर्ण है।
सम्मेलन के दौरान कर्मियों द्वारा उठाए गए विभिन्न सुझावों और शिकायतों को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यवाहक कमांडेंट ने सभी कर्मियों से आपसी सहयोग, अनुशासन, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
सैनिक सम्मेलन का समापन वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों और जवानों के बीच संवाद को मजबूत करना, शिकायतों के समाधान को सुगम बनाना तथा बटालियन के कल्याण, अनुशासन और समग्र कार्यकुशलता को और बेहतर बनाना था।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

