home page

गुवाहाटी वासियों को कचरा संग्रह के लिए अब देना होगा 30 रुपये मासिक शुल्क

 | 
गुवाहाटी वासियों को कचरा संग्रह के लिए अब देना होगा 30 रुपये मासिक शुल्क


गुवाहाटी, 30 मई (हि.स.)। गुवाहाटी शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा शहर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) ने घर-घर से कचरा संग्रहण के लिए पुनः शुल्क लागू करने का निर्णय लिया है। इसकी घोषणा शनिवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में नगर निगम के महापौर मृगेन शरणिया ने की।

संवाददाता सम्मेलन में महापौर मृगेन शरणिया के साथ निगम आयुक्त चिन्मय प्रकाश फूकन और अधिकारी स्मिता रॉय भी उपस्थित थीं। महापौर ने बताया कि अब गुवाहाटी के प्रत्येक परिवार को कचरा संग्रहण सेवा के लिए प्रतिमाह 30 रुपये शुल्क देना होगा। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले तक यह सेवा नि:शुल्क प्रदान की जा रही थी।

महापौर ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और कचरा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने नागरिकों से भी शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

शहर के सौंदर्यीकरण अभियान के तहत महापौर ने लोगों से अपने घरों और परिसरों के आसपास कपौ फूल के रंगों का उपयोग करने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने कचरा संग्रहण वाहनों के लिए एक नए थीम सॉन्ग के शुभारंभ की भी जानकारी दी।

नगर निगम के इस फैसले को लेकर नागरिकों के बीच मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। हालांकि निगम प्रशासन का कहना है कि बेहतर स्वच्छता और प्रभावी कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय आवश्यक है। वहीं, शहर के कुछ इलाकों में निजी कचरा संग्रहकर्ताओं द्वारा परिवारों से 200 रुपये तक वसूले जाने की शिकायतों पर क्या कार्रवाई की जाएगी, इस संबंध में महापौर ने संवाददाता सम्मेलन में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश