home page

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में की असम की बेटी डॉ. पूर्णिमा देवी बर्मन की सराहना

 | 
पीएम मोदी ने 'मन की बात' में की असम की बेटी डॉ. पूर्णिमा देवी बर्मन की सराहना


गुवाहाटी, 28 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण में असम की प्रसिद्ध वन्यजीव संरक्षणवादी एवं 'हरगिला गर्ल' के नाम से विख्यात डॉ. पूर्णिमा देवी बर्मन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने संकटग्रस्त ग्रेटर एडजुटेंट स्टॉर्क (हरगिला) के संरक्षण में उनके उल्लेखनीय योगदान को देश के लिए प्रेरणादायी बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी अंधविश्वास और गलत धारणाओं के कारण हरगिला पक्षी को अशुभ मानकर उसके घोंसलों वाले पेड़ों तक को काट दिया जाता था। ऐसे समय में डॉ. पूर्णिमा देवी बर्मन ने वर्ष 2007 में गुवाहाटी विश्वविद्यालय में शोध के दौरान गैर-सरकारी संस्था 'आरण्यक' के सहयोग से 'हरगिला आर्मी' अभियान की शुरुआत की। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जागरूक किया तथा समाज में इस पक्षी के प्रति सकारात्मक सोच विकसित की।

डॉ. बर्मन के प्रयासों से वर्ष 2007 में पचारिया क्षेत्र में जहां केवल 28 सक्रिय हरगिला घोंसले थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर 200 से अधिक हो चुकी है। आज 'हरगिला आर्मी' 20,000 से अधिक सदस्यों और लगभग 400 स्वयंसेवकों के साथ एक सशक्त जनआंदोलन का रूप ले चुकी है, जो संकटग्रस्त प्रजाति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए डॉ. पूर्णिमा देवी बर्मन को वर्ष 2017 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित व्हिटली अवॉर्ड (ग्रीन ऑस्कर) भी प्रदान किया गया है।

इधर, भाजपा असम प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से जारी बयान में पार्टी के प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 'मन की बात' में डॉ. बर्मन और 'हरगिला आर्मी' का उल्लेख किए जाने से उनके संरक्षण अभियान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा हरगिला संरक्षण के प्रति जनभागीदारी और अधिक सशक्त होगी।

इस अवसर पर भाजपा असम प्रदेश अध्यक्ष एवं दरंग-उदालगुड़ी लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिलीप सैकिया ने मंगलदै मंडल के बूथ संख्या-154 पर कार्यकर्ताओं के साथ 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। पार्टी के अनुसार, असम प्रदेश भाजपा ने राज्य के 39 संगठनात्मक जिलों के 433 मंडलों के 30,000 से अधिक बूथों पर कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश