मिजोरम की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए मतदान संपन्न, जेडपीएम उम्मीदवार की जीत की संभावना प्रबल
आइजोल, 18 जून (हि.स.)। मिजोरम की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इस चुनाव में सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला। यह सीट वर्तमान राज्यसभा सांसद के. वनलालवेना का कार्यकाल जुलाई, 2026 में समाप्त होने के कारण रिक्त हो रही है।
40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा में कुल 36 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह लगभग 11 बजे ही समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री लालदुहोमा सबसे पहले मतदान करने वाले विधायक बने। जेडपीएम ने अपने प्रवक्ता के. लल्तलुआंगकिमा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि एमएनएफ ने अधिवक्ता एवं लेखिका जोथानसांगी हमार को मैदान में उतारा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो तथा कांग्रेस के एक विधायक ने मतदान प्रक्रिया से आधिकारिक रूप से दूरी बनाए रखी। वहीं, जेडपीएम विधायक डब्ल्यू. छुआनावमा स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मतदान नहीं कर सके।
विधानसभा में 27 सदस्यों के साथ स्पष्ट बहुमत रखने वाली जेडपीएम के उम्मीदवार को इस चुनाव में बढ़त हासिल है। पार्टी के 26 विधायकों ने मतदान किया, जबकि एमएनएफ के सभी 10 विधायकों ने अपने मत डाले।
मतों की गणना शाम 5 बजे आइजोल स्थित विधानसभा भवन में शुरू हुआ। विधानसभा में जेडपीएम की मजबूत संख्या को देखते हुए पार्टी उम्मीदवार के. लल्तलुआंगकिमा की जीत लगभग तय मानी जा रही है। उनके निर्वाचित होने पर वे राज्यसभा में वर्तमान सदस्य के. वनलालवेना का स्थान लेंगे।
वर्तमान विधानसभा में जेडपीएम के 27, एमएनएफ के 10, भाजपा के 2 तथा कांग्रेस का एक विधायक है। राज्यसभा चुनाव का परिणाम मिजोरम का आगामी वर्षों के लिए संसद के उच्च सदन में प्रतिनिधित्व तय करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

