आइजोल एएमसी चुनावों के लिए मतों की गिनती जारी
आइजोल (मिजोरम), 27 अप्रैल (हि.स.)। मिजोरम की राजधानी आइजोल स्थित 19 सदस्यों वाली आइजोल नगर निगम (एएमसी) के चुनावों के लिए मतों की गिनती सोमवार सुबह शुरू हुई और शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, सत्ताधारी ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) पांच वार्डों में आगे चल रही है।
मिजोरम के प्रदेश चुनाव आयुक्त एच. लालथलांगलियाना के अनुसार वोटों की गिनती सुबह 8 बजे आइजोल के डिप्टी कमिश्नर के कार्यालय में शुरू हुई। गिनती के शुरुआती दौर के आधार पर जेडपीएम के उम्मीदवार पांच वार्डों में आगे चल रहे हैं। अंतिम सूचना मिलने तक शेष वार्डों का रुझान भी जल्द ही सामने आएगा।
एएमसी चुनावों में, जो 21 अप्रैल को हुए थे, 62.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस चुनावी प्रक्रिया में लगभग 2.39 लाख योग्य मतदाताओं ने हिस्सा लिया था। नगर निगम चुनावों में कुल 68 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जिनमें 28 महिलाएं शामिल थीं। ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम), मिज़ो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) और कांग्रेस ने 19-19 उम्मीदवार उतारे, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 11 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
इन चुनावों के नतीजों से यह तय होगा कि नगर निगम पर किसका अधिकार होगा। इससे पहले, 2021 के नगर निगम चुनावों में जीत हासिल करने के बाद मिज़ो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) का इस पर नियंत्रण था। चुनाव अधिकारियों के अनुसार पारदर्शिता और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वोटों की गिनती कड़ी सुरक्षा और तय नियमों के तहत की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

