home page

मिशन बसुंधरा 3.0 के तहत कामरूप महानगर में भूमि पट्टा वितरण

 | 
मिशन बसुंधरा 3.0 के तहत कामरूप महानगर में भूमि पट्टा वितरण


गुवाहाटी, 27 फरवरी, (हि.स.)। मिशन बसुंधरा 3.0 के अंतर्गत राज्यभर में स्वदेशी भूमिहीन परिवारों एवं संस्थाओं को सुरक्षित भूमि अधिकार प्रदान करने के उद्देश्य से आज कामरूप महानगर जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में डिजिटल पट्टा, आवंटन/बंदोबस्ती पत्र तथा प्रस्ताव स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पूब गुवाहाटी के विधायक सिद्धार्थ भट्टाचार्य तथा पश्चिम गुवाहाटी के विधायक रमेंद्र नारायण कलिता ने औपचारिक रूप से भूमि पट्टा वितरित किए। इस चरण में 35 नंबर न्यू गुवाहाटी के 12 लाभार्थियों और 36 नंबर सेंट्रल गुवाहाटी के 24 लाभार्थियों को पट्टा प्रदान किया गया। शेष पात्र व्यक्तियों को आगामी चरण में भूमि पट्टा वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में न्यू गुवाहाटी सम जिला आयुक्त अरुंधती नरह मिपुन, अतिरिक्त जिला आयुक्त हेमांग नबिश एवं राजा वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिला प्रशासन के कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी प्रकार डिमोरिया सम जिला में भी गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र की सांसद बिजुली कलिता मेधी ने भूमि पट्टा वितरित किए। इस सम जिला में 129 व्यक्तियों तथा 225 संस्थानों को भूमि पट्टा प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त 15 व्यक्तियों के लिए भूमि आवंटन प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए। कार्यक्रम में सम जिला आयुक्त कंकन शर्मा, असम गोदाम निगम लिमिटेड के उपाध्यक्ष डॉ. तपन दास, चक्र अधिकारी, सहायक आयुक्त तथा भूमि राजस्व शाखा के अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि यह पहल असम के स्वदेशी नागरिकों को स्वामित्व अधिकार प्रदान कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश