home page

मिसिंग स्वायत्तशासी परिषद के 40 निर्वाचन क्षेत्रों में 30 नवंबर को मतदान, चुनाव कार्यक्रम घोषित

 | 
मिसिंग स्वायत्तशासी परिषद के 40 निर्वाचन क्षेत्रों में 30 नवंबर को मतदान, चुनाव कार्यक्रम घोषित


गुवाहाटी, 03 नवंबर (हि.स.)। असम राज्य निर्वाचन आयोग ने मिसिंग स्वायत्तशासी परिषद (एमएसी) के वर्ष 2026 के आम चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके तहत परिषद के सभी 40 निर्वाचन क्षेत्रों में आगामी 30 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।

आयोग की ओर से मंगलवार को जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 3 नवंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। उम्मीदवार 10 नवंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 16 नवंबर निर्धारित की गई है। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 नवंबर को सुबह 7.30 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। आवश्यकता पड़ने पर 1 दिसंबर को पुनर्मतदान कराया जाएगा। मतगणना 3 दिसंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया 5 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी।

आयोग ने बताया कि सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर कार्यालय के कार्य दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।

इस चुनाव में कुल 6,35,493 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3,17,297 पुरुष, 3,18,194 महिला और दो अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 1,032 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

परिषद के 40 निर्वाचन क्षेत्रों में से 28 अनुसूचित जनजाति के लिए, सात महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जबकि पांच निर्वाचन क्षेत्र अनारक्षित रखे गए हैं।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तक मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम शामिल करने की प्रक्रिया जारी रहेगी। चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार के लिए अधिकतम चुनावी खर्च की सीमा दो लाख रुपये निर्धारित की गई है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश