home page

बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत सामग्री और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की समीक्षा, मंत्री कौशिक राय ने दिए निर्देश

 | 
बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत सामग्री और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की समीक्षा, मंत्री कौशिक राय ने दिए निर्देश


गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। असम के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कौशिक राय ने गुरुवार को ऊपरी असम और उत्तर असम के प्रमुख बाढ़ प्रभावित जिलों के उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राहत सामग्री के उठाव एवं वितरण, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, भंडारण तथा बाजार मूल्य की समीक्षा की।

बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने सभी जिला प्रशासन को राहत सामग्री समय पर प्रभावित लोगों तक पहुंचाने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला स्तरीय टास्क फोर्स को 24 घंटे सक्रिय रहकर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर कड़ी निगरानी रखने तथा कहीं भी अनुचित मूल्य वृद्धि होने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

कौशिक राय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है कि राहत सामग्री और आवश्यक सेवाएं बिना किसी विलंब के प्रत्येक प्रभावित परिवार तक पहुंचें।

बैठक में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव बिस्वरंजन समल ने शेष खरीदे गए धान की शीघ्र मिलिंग कर चावल को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को सौंपने के निर्देश दिए, ताकि भंडारित अनाज को नुकसान से बचाया जा सके। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, एफसीआई, एएफडीयूसीएल तथा संबंधित जिलों के उपायुक्त भी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश