गुवाहाटी को बाढ़-जलभराव से मुक्त करने की कवायद तेज, जालुकबाड़ी-जोराबाट के बीच सात संवेदनशील स्थान चिह्नित
गुवाहाटी, 01 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी में बाढ़ और जलभराव की समस्या से स्थायी समाधान की दिशा में राज्य सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। ‘बाढ़-मुक्त गुवाहाटी अभियान’ के तहत आवास एवं शहरी कार्य मंत्री कौशिक राय की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में जालुकबाड़ी से जोराबाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग के सात प्रमुख संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई। इन स्थानों पर जलभराव और बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए अलग-अलग उपाय प्रस्तावित किए गए हैं।
असम सचिवालय के ब्लॉक-बी स्थित सम्मेलन कक्ष में हुई बैठक में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गुवाहाटी के प्रोफेसरों, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों तथा आवास एवं शहरी कार्य विभाग, कामरूप महानगर जिला प्रशासन और गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए अब तक किए गए शोध, उठाए गए कदमों और प्रस्तावित उपायों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों की स्थिति पर चर्चा के बाद जालुकबाड़ी से जोरबाट तक सात प्रमुख स्थानों को चिह्नित किया गया और प्रत्येक स्थान के लिए विशेष बाढ़ एवं जलनिकासी उपाय प्रस्तावित किए गए।
मंत्री ने संबंधित विभागों और एजेंसियों को चिह्नित उपायों को लागू करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए आपसी समन्वय के साथ त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। प्रस्तावित उपायों की व्यवहार्यता का तकनीकी आकलन करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गुवाहाटी के साथ शीघ्र चर्चा करने का भी निर्णय लिया गया।
मंत्री ने 15 दिनों के बाद पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यों की प्रगति का जायजा लेने और लिए गए निर्णयों के समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में आवास एवं शहरी कार्य विभाग की आयुक्त एवं सचिव कविता पद्मनाभन, गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एमपी अनबामुथन, कामरूप महानगर के जिला आयुक्त स्वप्निल पॉल, नगर एवं ग्राम नियोजन के विशेष निदेशक जितेंद्र कुमार शर्मा काकोती, गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण की सचिव मृदुस्मिता बोरा, कार्यपालक अभियंता (प्रभारी) सीमा राभा सहित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गुवाहाटी के प्रोफेसर और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री कौशिक राय ने गुवाहाटी को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए समन्वित, तकनीकी रूप से प्रभावी और समयबद्ध उपाय किए जाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से शहर के सड़क ढांचे को अधिक सुरक्षित, सुगम और आपदा-रोधी बनाने में मदद मिलेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

