असम में सिंचाई क्षेत्र के लिए पांच वर्षों में 7,000 करोड़ रुपये खर्च का लक्ष्य: पीयूष
गुवाहाटी, 27 अगस्त (हि.स.)। कृषि एवं सिंचाई मंत्री पीयूष हजारिका ने अगले पांच वर्षों में सिंचाई क्षेत्र पर कम से कम 7,000 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले पांच वर्षों में विभाग ने करीब 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
जनता भवन में सिंचाई विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए हजारिका ने अधिकारियों को बड़े पैमाने की परियोजनाओं को प्राथमिकता देने और 200 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली 40 प्रमुख योजनाएं तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने धनराशि के उपयोग में देरी और अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
मंत्री ने सिंचाई परियोजनाओं को जिला सीमाओं तक सीमित न रखने तथा जरूरत के अनुसार अंतर-जिला क्षेत्रों में भी विस्तार करने का निर्देश दिया। परियोजनाओं के लिए ईएपी, आरआईडीएफ और एसओपीडी के तहत धन जुटाने तथा अगले वर्ष की शुरुआत में निविदाएं आमंत्रित करने को कहा गया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

