टाटा सेमीकंडक्टर परियोजना के लिए जलापूर्ति योजना का मंत्री ने लिया जायजा
मोरीगांव (असम), 19 अगस्त (हि.स.)। असम के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी आदि विभाग के मंत्री कृष्णेंदु पाल ने बुधवार को जागीरोड का दौरा कर टाटा सेमीकंडक्टर परियोजना के लिए विकसित की जा रही जलापूर्ति योजना की प्रगति का जायजा लिया।
मंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा निर्मित 12.5 मिलियन प्रति दिन जलापूर्ति परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य अभियंता के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
पाल ने कहा कि यह जलापूर्ति योजना टाटा की मेगा सेमीकंडक्टर परियोजना को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। इससे मजबूत बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और समृद्ध असम के निर्माण में मदद मिलेगी।
इसके बाद मंत्री ने नगांव जिले के आयुक्त कार्यालय में आयुक्त देवाशीष शर्मा, बढ़मपुर के विधायक जीतू गोस्वामी और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के लोगों को आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने, योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति तथा क्षेत्र स्तर की प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश देते हुए नगांव जिले में बंद पड़ी सभी जलापूर्ति योजनाओं को अगले 10 दिनों के भीतर चालू करने का भी निर्देश दिया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

