home page

मिशन फ्लड-फ्री गुवाहाटी की तैयारियों की मंत्री कौशिक राय ने की समीक्षा, स्वच्छता सखी ऐप लॉन्च

 | 
मिशन फ्लड-फ्री गुवाहाटी की तैयारियों की मंत्री कौशिक राय ने की समीक्षा, स्वच्छता सखी ऐप लॉन्च


गुवाहाटी, 3 नवंबर (हि.स.)। असम के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री कौशिक राय ने मंगलवार को वर्ष 2027 के मानसून से पहले मिशन फ्लड-फ्री गुवाहाटी की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन केंद्र का उद्घाटन करने के साथ ही नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता सखी ऐप भी लॉन्च किया।

असम सचिवालय में मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा की उपस्थिति में आयोजित समीक्षा बैठक में गुवाहाटी में बार-बार होने वाली जलभराव की समस्या, मौजूदा कमियों और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई। विभिन्न विभागों और एजेंसियों की तैयारियों तथा वर्ष 2027 के मानसून से पहले प्रस्तावित कार्ययोजनाओं की भी समीक्षा की गई।

बैठक में नालों की नियमित सफाई और गाद निकालने के लिए सालभर लागू रहने वाली मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। गुवाहाटी के सभी नालों को तीन प्राथमिकता श्रेणियों में बांटकर उनकी सफाई और गाद निकालने का निर्धारित कार्यक्रम तैयार किया गया है। मंत्री ने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए मानसून से पहले सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके बाद मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इसमें पात्र क्षेत्रों में नए शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के गठन और राज्य के मौजूदा शहरी स्थानीय निकायों के परिसीमन पर चर्चा हुई। उन्होंने सभी उपायुक्तों को 10 नवंबर तक प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें मंत्रिमंडल के समक्ष विचार और मंजूरी के लिए रखा जा सके।

वैज्ञानिक ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से मंत्री ने गुवाहाटी के आदाबाड़ी में स्टैटिक रिफ्यूज ट्रांसफर स्टेशन-सह-मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी का उद्घाटन किया। इस केंद्र की कचरा स्थानांतरण क्षमता प्रतिदिन 150 टन और सामग्री पुनर्प्राप्ति क्षमता प्रतिदिन 100 टन है। इससे कचरे के परिवहन, वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और पुनर्चक्रण योग्य सामग्रियों की प्राप्ति में सुधार होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र स्थित श्री श्री दामोदरदेव अंतरराष्ट्रीय सभागार में गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) की ओर से आयोजित स्वच्छ दुर्गा पूजा प्रतियोगिता-2026 के पुरस्कार वितरण समारोह में भी शामिल हुए। इस दौरान पूजा उत्सव के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को अपनाने के लिए कुल 175 दुर्गा पूजा समितियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राय ने स्वच्छता संबंधी अभियानों में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्वच्छता सखी ऐप लॉन्च किया। उन्होंने पांच सफाई कर्मचारियों को उनके योगदान के सम्मान में केंद्र सरकार के नमस्ते कार्ड भी प्रदान किए।

मंत्री ने कहा कि केवल नगर निगम के प्रयासों से स्वच्छता सुनिश्चित नहीं की जा सकती, बल्कि इसके लिए आम जनता की सक्रिय भागीदारी और नागरिक जिम्मेदारी की भावना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नया ऐप स्वच्छता अभियानों को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने के साथ नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करेगा।

उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाली पूजा समितियों को बधाई दी और स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए गुवाहाटी नगर निगम के प्रयासों की सराहना की।

मिशन फ्लड-फ्री गुवाहाटी की समीक्षा बैठक में जीएमसी के महापौर मृगेन सरनिया, आवास एवं शहरी मामलों के विभाग की आयुक्त एवं सचिव कविता पद्मनाभन, कामरूप महानगर जिले के उपायुक्त स्वप्निल पॉल, लोक निर्माण विभाग के आयुक्त एवं सचिव संजीव श्याम, जीएमसी आयुक्त चिन्मय प्रकाश फूकन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

वहीं, पुरस्कार वितरण समारोह में गुवाहाटी की सांसद बिजुली कलिता मेधी, न्यू गुवाहाटी के विधायक दिगंत रंजन शर्मा, सेंट्रल गुवाहाटी के विधायक विजय कुमार गुप्ता, जीएमसी की उपमहापौर स्मिता रॉय और विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।

राज्य सरकार ने इन पहलों के माध्यम से शहरी प्रशासन को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने तथा गुवाहाटी को स्वच्छ और बाढ़ की समस्या से अधिक सुरक्षित शहर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश