home page

धान खरीद केंद्रों में किसानों को तीन दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित होगा : मंत्री कौशिक राय

 | 
धान खरीद केंद्रों में किसानों को तीन दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित होगा : मंत्री कौशिक राय


धान खरीद केंद्रों में किसानों को तीन दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित होगा : मंत्री कौशिक राय


तामुलपुर (असम), 18 नवम्बर (हि.स.)। सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले तथा आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री कौशिक राय ने बुधवार को तामुलपुर जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए धान खरीद केंद्रों पर धान जमा करने के तीन दिनों के भीतर किसानों को उनकी राशि भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही।

समीक्षा बैठक से पहले मंत्री कौशिक राय ने तामुलपुर स्थित धान खरीद केंद्र पहुंचकर स्थानीय किसान बिलाइश्री दैमारी से धान खरीद कर औपचारिक रूप से धान खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र पर उपस्थित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, अनुभवों एवं शिकायतों की जानकारी ली।

इसके बाद मंत्री ने तामुलपुर जिला बहुमुखी सहकारी समिति का दौरा कर समिति के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने सहकारी समितियों को नए व्यावसायिक अवसर तलाशने, अपनी गतिविधियों का विस्तार करने तथा संगठनात्मक एवं संस्थागत क्षमता को और मजबूत बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

जिला आयुक्त कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सहकारी समितियों के कार्यकलाप, उचित मूल्य की दुकानें, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों की लंबित ई-केवाईसी प्रक्रिया, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आधार लिंकिंग, निष्क्रिय राशन कार्ड, निधियों का उपयोग, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, धान खरीद प्रक्रिया तथा किसानों के पंजीकरण सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), शहरी स्थानीय निकायों में स्वच्छता संबंधी कार्यों तथा 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत चल रही योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक समय पर पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए तथा लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने धान खरीद केंद्रों एवं उचित मूल्य की दुकानों के संचालन में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर देते हुए जिला आयुक्त को नियमित एवं कड़ी निगरानी करने का निर्देश दिया।

बैठक में किसानों एवं आम लाभार्थियों के हितों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में बीटीसी कार्यकारी सदस्य लक्ष्मी दास, तामुलपुर जिला आयुक्त सिमी करण, खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के आयुक्त हेमंत भूइयां, असम खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पारिजात भूइयां, नगर प्रशासन निदेशक सुशांत दत्ता, स्वच्छ भारत मिशन के प्रबंध निदेशक सब्यसाची कश्यप, तामुलपुर जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश बोड़ो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा