home page

मंत्री कौशिक राय ने उत्तर और दक्षिण-पश्चिम गुवाहाटी जलापूर्ति परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

 | 
मंत्री कौशिक राय ने उत्तर और दक्षिण-पश्चिम गुवाहाटी जलापूर्ति परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की


गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। असम के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री कौशिक राय ने गुरुवार को गुवाहाटी जल बोर्ड द्वारा संचालित उत्तर गुवाहाटी और दक्षिण-पश्चिम गुवाहाटी जलापूर्ति परियोजनाओं का दौरा कर उनकी प्रगति और समय पर पूरा करने में आ रही बाधाओं की समीक्षा की।

उत्तर गुवाहाटी जलापूर्ति परियोजना के निरीक्षण के दौरान मंत्री को बताया गया कि परियोजना अब कमीशनिंग के करीब है। गुवाहाटी जल बोर्ड के प्रबंध निदेशक रोहन कुमार झा ने बताया कि पांच डिस्ट्रिक्ट मीटर्ड एरिया (डीएमए) में से तीन में फ्लशिंग और ट्रायल रन पूरा हो चुका है। शेष दो डीएमए में फ्लशिंग और ट्रायल रन आईआईटी गुवाहाटी से वितरण जलाशय के तलहटी क्षेत्र में ढलान सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा उपायों संबंधी आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद किया जाएगा।

37 एमएलडी क्षमता वाली यह परियोजना करीब 15,000 परिवारों को जलापूर्ति के लिए तैयार की गई है। इसके तहत पांच डीएमए में लगभग 122 किलोमीटर लंबा वितरण नेटवर्क बनाया गया है। 37 एमएलडी जल शोधन संयंत्र और 10.9 एमएल का वितरण जलाशय कमीशनिंग के लिए तैयार हैं। हालांकि, आईआईटी गुवाहाटी की सिफारिश के अनुसार ढलान सुरक्षा कार्य और जल शोधन संयंत्र का प्रदर्शन गारंटी परीक्षण पूरा किया जाना बाकी है। परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री राय ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समय सीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मंत्री ने दक्षिण-पश्चिम गुवाहाटी जलापूर्ति परियोजना का दौरा किया और परियोजना स्थल पर समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। 107 एमएलडी क्षमता वाली यह परियोजना करीब 30,000 परिवारों को जलापूर्ति करने के लिए तैयार की जा रही है।

बैठक में अधिकारियों ने परियोजना के पूरा होने में आ रही विभिन्न बाधाओं और समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। विस्तृत चर्चा के बाद मंत्री राय ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से समस्याओं का समाधान कर परियोजना को जल्द से जल्द चालू करने पर जोर दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शुक्रवार को गुवाहाटी के सभी संबंधित विधायकों तथा पीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूआरडी, एनएचएआई, एनएचआईडीसीएल, रेलवे, ऑयल, जीएमडीए और कामरूप तथा कामरूप महानगर जिला प्रशासन समेत सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।

परियोजना के पूरी तरह चालू होने के बाद मालीगांव, आदाबाड़ी, जालुकबाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इसका महत्वपूर्ण लाभ मिलने की उम्मीद है।

मंत्री राय ने कहा कि गुवाहाटी में शहरी जलापूर्ति ढांचे को मजबूत करने और लोगों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दोनों परियोजनाओं को समय पर पूरा कर पूरी तरह संचालित करना आवश्यक है।

दौरे और समीक्षा बैठक के दौरान गुवाहाटी जल बोर्ड के अधिकारी तथा लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश