मंत्री कौशिक राय ने की उचित मूल्य डीलरों की समस्याओं की समीक्षा
गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)। असम के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कौशिक राय ने सोमवार को असम सचिवालय में ऑल असम फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उचित मूल्य दुकानदारों की विभिन्न समस्याओं और मांगों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान उचित मूल्य दुकान डीलरों के लाभांश और इससे जुड़े वर्तमान मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा एफपीएस लाइसेंस के नवीनीकरण, डीलरशिप के हस्तांतरण तथा दुकानदारों के सामने आने वाली अन्य परिचालन संबंधी समस्याओं पर भी मंत्री ने जानकारी ली।
मंत्री राय ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लाभार्थियों तक खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं की प्रभावी आपूर्ति सुनिश्चित करने में उचित मूल्य दुकान डीलरों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी उचित मांगों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी मुद्दों की व्यापक समीक्षा कर लागू नियमों और प्रावधानों के अनुरूप व्यावहारिक समाधान निकालने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डीलरों की जायज चिंताओं के समाधान के साथ-साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुचारु और पारदर्शी बनाए रखना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
राय ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और मजबूत करने तथा लाभार्थियों तक आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध एवं पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अपर मुख्य सचिव बिस्वरंजन सामल, आयुक्त हेमंत भुइयां, उप सचिव दिपान्निता दास सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

