गुवाहाटी में बाढ़ की स्थिति की मंत्री कौशिक राय ने की समीक्षा
- नालों की व्यापक सफाई और ड्रेनेज रखरखाव के लिए एसओपी तैयार करने के निर्देश
गुवाहाटी, 24 जुलाई (हि.स.)। आवास एवं शहरी कार्य मंत्री कौशिक राय ने शुक्रवार को जनता भवन के ब्लॉक-बी स्थित अपने कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में गुवाहाटी में मौजूदा बाढ़ की स्थिति और शहरी जलभराव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक की।
बैठक में मंत्री ने गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी), लोक निर्माण विभाग (सड़क) तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) सहित सभी संबंधित एजेंसियों को शहर के सभी नालों, विशेषकर राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित नालों की व्यापक सफाई और गाद हटाने का निर्देश दिया, ताकि वर्षा जल की निकासी सुचारु रहे और जलभराव की समस्या कम हो।
कौशिक राय ने कामरूप (मेट्रो) के जिला आयुक्त को शहर की ड्रेनेज व्यवस्था के रखरखाव के लिए एक व्यापक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तथा वार्षिक रखरखाव कैलेंडर तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई को एक बार की प्रक्रिया नहीं माना जाना चाहिए, बल्कि मानसून से पहले, मानसून के दौरान और बाद में नियमित रूप से तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रत्येक भारी वर्षा के बाद भी सफाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि शहरी बाढ़ की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय, समयबद्ध रखरखाव और जवाबदेही बेहद आवश्यक है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार बेहतर समन्वय और सतत प्रयासों के माध्यम से गुवाहाटी को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और जलभराव से निपटने के लिए सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में आवास एवं शहरी कार्य विभाग की आयुक्त एवं सचिव कविता पद्मनाभन तथा कामरूप (मेट्रो) के जिला आयुक्त स्वप्निल पॉल वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इसके अलावा पीडब्ल्यूआरडी के आयुक्त एवं विशेष सचिव संजीब श्याम, विभाग के सचिव डॉ. जीवन बी, जीएमसी के आयुक्त चिन्मय फूकन, एनएचएआई के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

