आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की समीक्षा, मंत्री कौशिक राय ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कौशिक राय ने गुरुवार को जनता भवन के ब्लॉक-बी स्थित अपने कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में विभिन्न वाणिज्य मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक वस्तुओं की मौजूदा कीमतों की समीक्षा की।
बैठक में मंत्री ने बाजार में कीमतों की नियमित निगरानी और निर्धारित नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने व्यापारिक संगठनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आवश्यक वस्तुओं की अनुचित मूल्य वृद्धि से आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ना चाहिए।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को बाजार निरीक्षण तेज करने तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमत और उपलब्धता पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या अनुचित व्यापारिक गतिविधि पाए जाने पर सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव बिस्वरंजन सामल, सचिव अनुसूइया दत्ता बरुवा, आयुक्त एलएम हेमंत भुइयां, एएफसीएससीएल के प्रबंध निदेशक पारिजात भुइयां, असम चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रूपम गोस्वामी, कामरूप चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष एमपी जैन सहित विभिन्न वाणिज्य मंडलों के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

