home page

नगांव की जनसांख्यिकी हमारे पक्ष में नहीं: मंत्री जयंत मल्ल बरुवा

 | 
नगांव की जनसांख्यिकी हमारे पक्ष में नहीं: मंत्री जयंत मल्ल बरुवा


गुवाहाटी, 02 सितंबर (हि.स.)। असम के वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने बुधवार को कहा कि नगांव लोकसभा क्षेत्र की जनसांख्यिकी उनकी पार्टी के पक्ष में नहीं है। उन्होंने नगांव को एक कठिन लोकसभा क्षेत्र बताते हुए आगामी उपचुनाव में जीत की उम्मीद जताई।

नगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर बरुवा ने कहा कि नगांव एक कठिन सीट है, लेकिन पार्टी को उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगी।

इस बीच, राज्य में कुल 126 ‘अरुणोदय सारथी’ नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक अरुणोदय सारथी की नियुक्ति की गई है। वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने बुधवार को इन नवनियुक्त अरुणोदय सारथियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

बरुवा ने कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी अरुणोदय योजना के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं को दूर करने और लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुचारु रूप से पहुंचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

यूएसटीएम में पहाड़ काटने से बनी भयावह स्थिति: बरुवा

वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने यूएसटीएम द्वारा पहाड़ काटे जाने को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यूएसटीएम के पहाड़ों की खुदाई वाले क्षेत्र से पानी का तेज बहाव नीचे आने के कारण जोराबाट में समुद्र जैसी स्थिति पैदा हो गई।

सोशल मीडिया पर यूएसटीएम क्षेत्र से पानी के तेज बहाव के दृश्य वायरल होने के बाद मंत्री ने यह टिप्पणी की। बरुवा ने कहा कि ये दृश्य मुख्यमंत्री द्वारा पहले बताए गए भयावह हालात की पुष्टि करते हैं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश