तामुलपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विशेष सेवा शिविर आयोजित
तामुलपुर (असम), 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा के उपलक्ष्य में असम सरकार द्वारा राज्यभर में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को तामुलपुर विकास खंड के अंतर्गत तामुलपुर आंचलिक दुर्गा मंदिर परिसर में विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तामुलपुर जिले की आयुक्त सिमी करण के स्वागत भाषण से हुई। इस अवसर पर असम सरकार के हथकरघा, वस्त्र एवं रेशम उद्योग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री एवं विधायक बिश्वजीत दैमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि राज्यभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसेवा, जनकल्याण और नागरिक-केंद्रित सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी सेवाओं को अधिक तेजी और प्रभावी तरीके से आम जनता के द्वार तक पहुंचाना है।
शिविर में अरुणोदय, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान भारत, राशन कार्ड एवं खाद्य सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, ई-श्रम एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं, हर घर जल (जल जीवन मिशन) तथा प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी सेवाओं की सुविधाएं लोगों को उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री बिश्वजीत दैमारी ने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और जनसेवाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि कोई भी योग्य लाभार्थी सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
इस अवसर पर तामुलपुर जिले की आयुक्त सिमी करण, अतिरिक्त उपायुक्त हेमाश्री खनिकर, डीआरडीए के प्रभारी परियोजना निदेशक गोविंद राभा, तामुलपुर सदर थाना के प्रभारी अधिकारी हस्थाइशुला ब्रह्म, तामुलपुर जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश बोडो, खंड विकास अधिकारी देवकुमार बसुमतारी, पूर्व पार्षद हेमंत कुमार राभा, वरिष्ठ भाजपा नेता सोमनाथ बसुमतारी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
वहीं, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत इसी परिसर में तामुलपुर पुलिस की ओर से एक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। तामुलपुर सदर थाना के प्रभारी अधिकारी हस्थाइशुला ब्रह्म ने सड़क सुरक्षा, बाल विवाह, साइबर अपराध, पॉक्सो अधिनियम तथा नए आपराधिक कानूनों के संबंध में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही बाल विवाह को समाज के लिए गंभीर समस्या बताते हुए इसके विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
इसके अलावा साइबर अपराध, पॉक्सो अधिनियम और नए आपराधिक कानूनों के विभिन्न पहलुओं पर भी उन्होंने लोगों को जानकारी दी। तामुलपुर विकास खंड के खंड विकास अधिकारी देवकुमार बसुमतारी ने भी सड़क सुरक्षा, बाल विवाह और साइबर अपराध सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता संबंधी संबोधन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

