home page

रवींद्र भवन के शीघ्र जीर्णोद्धार के निर्देश, सांस्कृतिक मंत्री बिमल बोरा ने की समीक्षा बैठक

 | 
रवींद्र भवन के शीघ्र जीर्णोद्धार के निर्देश, सांस्कृतिक मंत्री बिमल बोरा ने की समीक्षा बैठक


गुवाहाटी, 08 जुलाई (हि.स.)। असम सरकार ने राज्य के प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र रवींद्र भवन के शीघ्र जीर्णोद्धार और उसे फिर से सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस संबंध में बुधवार को राज्य के सांस्कृतिक मंत्री बिमल बोरा ने जनता भवन स्थित अपने कार्यालय में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सांस्कृतिक विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में मंत्री ने रवींद्र भवन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और लगभग चार वर्षों से बंद पड़े इस प्रेक्षागृह को जल्द से जल्द उपयोग योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन से जुड़े सभी मरम्मत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

मंत्री बोरा ने फर्श में पानी रिसाव, वातानुकूलन प्रणाली, प्रकाश व्यवस्था, जनरेटर, ध्वनि प्रणाली, परिसर की चारदीवारी सहित अन्य आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही सांस्कृतिक विभाग को भी आवश्यक समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि रवींद्र भवन राज्य के सांस्कृतिक जगत की भावनाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए इसके जीर्णोद्धार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

बैठक में सांस्कृतिक विभाग के अतिरिक्त सचिव रंजीत स्वर्गियारी, निदेशालय के निदेशक राहुल चंद्र दास, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अचिंत बरुवा, कार्यकारी अभियंता प्रबल ज्योति ब्रह्मचारी सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश