बाढ़ प्रभावित छात्रों और युवाओं के दस्तावेज दोबारा तैयार कराने में सहयोग करें: मंत्री बिमल बोरा
गुवाहाटी, 24 जुलाई (हि.स.)। असम के उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री बिमल बोरा ने शिवसागर और चराईदेव जिलों में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित छात्रों और युवाओं के शैक्षणिक, पहचान एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को दोबारा तैयार कराने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारियों को सक्रिय सहयोग करने का निर्देश दिया।
शिवसागर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में मंत्री बोरा ने भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राकेश दास और राज्य समिति के पदाधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावितों की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के समन्वय से प्रभावित छात्रों और युवाओं के आवश्यक दस्तावेजों की शीघ्र पुनर्प्राप्ति और पुनः तैयार कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में कोई भी छात्र या युवा केवल दस्तावेज नष्ट होने के कारण शिक्षा, रोजगार या अन्य आवश्यक कार्यों से वंचित न रहे। इसके लिए सभी स्तरों पर समन्वय बनाकर तेजी से कार्य करने की आवश्यकता है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

