home page

भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लापरवाह ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश

 | 

गुवाहाटी, 27 अगस्त (हि.स.)। असम के भूमि संरक्षण मंत्री अश्विनी राय सरकार ने गुरुवार को दिसपुर स्थित अपने कार्यालय में विभाग की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधूरे कार्यों, परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा जनता को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सरकारी धन के पारदर्शी और प्रभावी उपयोग के साथ कार्यों में गुणवत्ता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मंत्री ने समय सीमा बीतने के बावजूद कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने लापरवाही बरतने और अनावश्यक रूप से कार्य में देरी करने वाले ठेकेदारों को आवश्यकता पड़ने पर ब्लैकलिस्ट करने को भी कहा।

बैठक में विभाग के आयुक्त-सचिव, सचिव सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश