काजीरंगा सड़क हादसे के घायलों के इलाज के लिए तत्काल कदम, बोकाखात में 20 डॉक्टर तैनात: अशोक सिंघल
- दुर्घटनाप्रवण क्षेत्रों में ट्रॉमा केयर सेंटर और सीटी स्कैन मशीन लगाने की योजना, 19 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग में 250 नए अभ्यर्थियों की होगी नियुक्ति
गुवाहाटी, 17 नवंबर (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल ने कहा है कि काजीरंगा में हुए सड़क हादसे में घायल लोगों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक कदम उठाए हैं। उन्होंने मंगलवार को दिसपुर स्थित अपने कार्यालय के सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में घायलों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति तथा सरकार द्वारा उठाए गए चिकित्सा संबंधी कदमों की जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद बोकाखात में 20 डॉक्टरों को चिकित्सा सेवा के लिए तैनात किया गया था। घायलों के इलाज की नियमित निगरानी की गई और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी स्थिति की समीक्षा की गई। गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए स्थानांतरित करने में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था भी की गई थी।
सिंघल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर उचित चिकित्सा उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भविष्य में दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए राज्य में ट्रॉमा केयर सेंटर स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां सीटी स्कैन मशीनें स्थापित की जाएंगी। इससे गंभीर रूप से घायल मरीजों की जांच और उपचार में तेजी आएगी।
मंत्री ने घोषणा की कि स्वास्थ्य विभाग में 19 नवंबर को 250 नए अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाएगी। इससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में मानव संसाधन बढ़ाने और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर को काजीरंगा के रंगाजान के निकट हुए सड़क हादसे में कुल 26 लोगों की मौत हुई थी तथा 20 घायलों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया था। इनमें से आठ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जबकि अन्य 12 का सर्जरी विभाग में इलाज चल रहा था।
इस दुर्घटना में जेएमसीएच में तीन लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान नगांव जिले के जखलाबंधा निवासी 21 वर्षीय फरहाना यास्मीन, नगांव जिले के नरमारी निवासी 19 वर्षीय फजाकिर आलम और गोलाघाट जिले के हाथीखुली निवासी 20 वर्षीय लक्ष्मी माझी के रूप में हुई थी।
अस्पताल में उपचार के बाद मुस्ताकिम हुसैन और माकिदुल हक को 15 नवंबर को छुट्टी दे दी गई थी। वहीं, 42 वर्षीय रंजीत सोनाम को उनके अनुरोध पर 14 नवंबर को असम मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था। घायलों में चार मरीजों की हड्डियां टूटने के कारण 16 और 17 नवंबर को उनकी सर्जरी की गई।
17 नवंबर की चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार, पांच मरीजों की स्थिति स्थिर है। सात अन्य मरीज आईसीयू में अर्ध-गंभीर स्थिति में भर्ती हैं, हालांकि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। वहीं, दो मरीज वेंटिलेटर के सहारे आईसीयू में गंभीर अवस्था में उपचाराधीन हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दुर्घटनाओं के समय घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को भी अधिक प्रभावी बनाया जाए।------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

