ग्रीन बसों पर महानगर प्रशासन सख्त, 63 चालकों के लाइसेंस रद्द
गुवाहाटी, 08 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने ग्रीन बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है।
कार्रवाई के तहत यातायात नियमों और परिचालन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले 63 ग्रीन बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि अब से ग्रीन बसें केवल सड़क के बाईं ओर ही चलेंगी। किसी भी परिस्थिति में उन्हें निर्धारित मार्ग बदलने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई बस इन निर्देशों का उल्लंघन करती है, तो उसकी सेवा सात दिनों के लिए निलंबित कर दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम शहर में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

