(अपडेट) यूपी के फिरोजाबाद की किशोरी मेघालय के सोहरा झरने में गिरी, लापता
(अपडेट - फाेटाे में बदलाव के साथ)
सोहरा (मेघालय), 30 अप्रैल (हि.स.)। मेघालय के सोहरा क्षेत्र में स्थित एक प्रसिद्ध झरने के पास घूमने गई उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की एक 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने की घटना सामने आई है। मेघालय पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार काे बताया कि यह हादसा बुधवार को हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी अपने परिवार के साथ अवकाश बिताने के लिए यहां आई थी। इसी दौरान वह झरने के पास तस्वीर खींचने की कोशिश कर रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी वाले प्राकृतिक कुंड में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया गया। पूरे दिन चले इस अभियान के बावजूद देर शाम तक किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका।
अधिकारियों के मुताबिक, अंधेरा होने और क्षेत्र के दुर्गम होने के कारण सूर्यास्त के बाद अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। जिला राज्य आपदा प्रतिक्रिया दल (एसआरटी) गुरुवार सुबह फिर से खोज अभियान शुरू की।
प्रशासन की ओर से गुरुवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन तेज करने की तैयारी की गई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार

