मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने स्वतंत्रता दिवस पर एकता, शांति और भाईचारे का दिया संदेश
शिलांग, 15 अगस्त (हि.स.)। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने शनिवार को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के कर्मचारियों की मौजूदगी में अपने आवास पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों, विशेषकर पूर्वोत्तर के लोगों के बीच एकता, सद्भाव, शांति और भाईचारे की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री संगमा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देश की आजादी का उत्सव नहीं, बल्कि उन मूल्यों को याद करने का अवसर भी है, जो विविधताओं के बावजूद लोगों को एक सूत्र में बांधते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की भावना समुदाय, क्षेत्र और सामाजिक पृष्ठभूमि के अंतर से ऊपर उठकर लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने लोगों से समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। संगमा ने कहा कि देश की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए प्रत्येक नागरिक को आपसी सम्मान और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश और देश के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा सभी से एकजुटता, शांति और परस्पर सम्मान के मूल्यों को बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने अपना संदेश “जय हिंद” के उद्घोष के साथ समाप्त किया।---------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

