home page

ईस्ट गारो हिल्स जिले की स्थापना के 50 वर्ष पूरे, मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने दी बधाई

 | 
ईस्ट गारो हिल्स जिले की स्थापना के 50 वर्ष पूरे, मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने दी बधाई


शिलांग, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मेघालय के ईस्ट गारो हिल्स जिले ने गुरुवार को अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने जिले के लोगों और जिला प्रशासन को स्वर्ण जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले की पांच दशक की यात्रा में यहां के लोगों, पारंपरिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया फेसबुक पर अपने संदेश में कहा कि अक्टूबर 1976 में ईस्ट गारो हिल्स जिले की स्थापना हुई थी और विलियमनगर को इसका मुख्यालय बनाया गया था। इस शहर का नाम मेघालय के पहले मुख्यमंत्री कैप्टन विलियमसन ए. संगमा के नाम पर रखा गया है। समय के साथ जिले का विस्तार हुआ और इससे नॉर्थ गारो हिल्स जिले का गठन हुआ, जिससे गांवों के लोगों तक प्रशासन की पहुंच बेहतर हुई।

संगमा ने कहा कि जिले की प्रगति में नोकमा और पारंपरिक संस्थाओं, शिक्षकों, मिशनरियों, डॉक्टरों तथा नर्सों का अहम योगदान रहा है। इन लोगों ने क्षेत्र में विद्यालयों, चर्चों और अस्पतालों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, किसानों और स्थानीय परिवारों ने अपनी मेहनत से क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे भी बेहतर सड़कों, मजबूत स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा विकास के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने ईस्ट गारो हिल्स के लोगों और जिला प्रशासन को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा, ''स्वर्ण जयंती की बधाई!''

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश