तामुलपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर बैठक
तामुलपुर (असम), 16 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा कार्य के उपलक्ष्य में असम सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले एक माह लंबे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को तामुलपुर जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तामुलपुर की जिला आयुक्त सिमी करन ने की।
बैठक में जिला आयुक्त ने अभियान के तहत विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि असम सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के कार्यकारी निर्देश के अनुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक एक महीने के लिए आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा, जनकल्याण और नागरिक-केंद्रित प्रशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करने के साथ-साथ सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाना है।
अभियान के तहत विभिन्न जनकल्याण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभव एवं सरकारी सेवाओं के सकारात्मक प्रभाव को सामने लाने के लिए ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा–विकसित भारत का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’ तथा सरकारी सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा सेतु अभियान’ प्रमुख हैं।
जिला स्तर पर अभियान के समग्र समन्वय, निर्धारित समयसीमा में कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, लाभार्थियों एवं आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा प्रगति की निगरानी की जिम्मेदारी जिला आयुक्त को सौंपी गई है।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुमन चक्रवर्ती, जिला आयुक्त कार्यालय के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

