तामुलपुर में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
तामुलपुर (असम), 29 अगस्त (हि.स.)। तामुलपुर जिला की जिला सड़क सुरक्षा समिति की अगस्त माह की बैठक आज जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता तामुलपुर की जिला आयुक्त सिमी करण ने की।
बैठक की शुरुआत में पिछले माह आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की कार्यवाही पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पूर्व में लिए गए निर्णयों की प्रगति एवं उनके अनुपालन की समीक्षा की गई। इस दौरान जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
विशेष रूप से द्वारकुची क्षेत्र में पार्किंग की समस्या पर चर्चा करते हुए इसके समाधान के लिए आवश्यक एवं प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि पिछले माह तामुलपुर जिले में कुल 7 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। बगाजुली, डोंगपार, दरंगामेला, कुमारीकाटा सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई इन दुर्घटनाओं में 5 लोगों की मौत तथा 6 लोग घायल हुए।
जिला आयुक्त सिमी करण ने संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का विश्लेषण एवं चिन्हित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, वाहन चलाते समय सतर्कता तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त आयुक्त डॉ. दीपांकर नाथ, सहायक आयुक्त अनुपम डेका, निर्वाचन अधिकारी प्रांजलप्राण सैकिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निर्मल घोष, तामुलपुर राजस्व चक्र अधिकारी एलिमा कांडुलना सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

