home page

फकीराग्राम में दुर्गापूजा और प्रतिमा विसर्जन के एसओपी को लेकर बैठक

 | 
फकीराग्राम में दुर्गापूजा और प्रतिमा विसर्जन के एसओपी को लेकर बैठक


फकीराग्राम में दुर्गापूजा और प्रतिमा विसर्जन के एसओपी को लेकर बैठक


कोकराझार (असम), 14 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी दुर्गापूजा तथा मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से फकीराग्राम नगरपालिका की पहल पर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। फकीराग्राम स्थित शहीद वेदी के निकट सामुदायिक भवन में आयोजित इस बैठक में दुर्गापूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान पालन किए जाने वाले मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में फकीराग्राम नगरपालिका के अध्यक्ष सुल्तान आलम, उपाध्यक्ष प्रणव शर्मा, डीएसपी बिनंद बसुमतारी, फकीराग्राम थाना प्रभारी अर्जुन दास तथा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा सहित विभिन्न वार्डों के वार्ड आयुक्त, दुर्गापूजा समितियों और प्रतिमा विसर्जन समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान दुर्गापूजा के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने तथा प्रतिमा विसर्जन के दौरान संभावित समस्याओं से निपटने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा संबंधित समितियों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और निर्धारित एसओपी का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि दुर्गापूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने तथा सभी वर्गों के लोगों को शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा का आनंद लेने का अवसर प्रदान करने के लिए प्रशासन, पुलिस, नगरपालिका और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना आवश्यक है।

बैठक के माध्यम से संबंधित सभी पक्षों से दुर्गापूजा एवं प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा