home page

नेरिस्ट डायरेक्टर के इस्तीफे के मुद्दे पर हुई चर्चा

 | 
नेरिस्ट डायरेक्टर के इस्तीफे के मुद्दे पर हुई चर्चा


इटानगर, 21 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नाटुंग की अध्यक्षता में 'ऑल न्यिशी स्टूडेंट्स यूनियन' (अनसू) और 'ऑल न्यिशी यूथ एसोसिएशन' (अन्या) के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक हुई। इस बैठक में 'नॉर्थ ईस्ट रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी' (नेरिस्ट) के डायरेक्टर के इस्तीफे के मुद्दे पर चर्चा की गई।

बैठक में शिक्षा मंत्री पासांग दोरजी सोना, विधायक मुत्चू मिथी, प्रधान सचिव (गृह), आयुक्त (शिक्षा), वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और गृह विभाग के अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान, नेरिस्ट में मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और रचनात्मक बातचीत व आपसी समझ के जरिए मामले को सुलझाने के तरीकों पर विचार किया गया।

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अन्या के सदस्यों ने बताया कि नेरिस्ट के निर्देशक के इस्तीफे के बाद, हम अन्या और अनसू की सरकार से यह मांग है कि वह उनका इस्तीफा स्वीकार करे, उन्हें पद से मुक्त करे और तुरंत नया निर्देशक नियुक्त करे। इसी सिलसिले में हमने सोमवार को विरोध प्रदर्शन भी किया था।

हमारी मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने हमें बातचीत और मामले को सुलझाने के लिए बुलाया। बैठक के दौरान हमने अपनी बात रखी और मामले पर विस्तार से चर्चा की। राज्य सरकार ने इस मुद्दे को संज्ञान में लिया और सुलझाने की कोशिश के तहत नेरिस्ट के निर्देशक का इस्तीफा स्वीकार करने के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय को पत्र लिखने का फैसला किया।

साथ ही, इस मुद्दे के गहराई और असली कारणों का पता लगाने के लिए एक जांच समिति भी गठित की जाएगी ताकि दोषियों पर कारवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी