home page

मई दिवस पर मनाया गया श्रमिक दिवस

 | 

गुवाहाटी, 01 मई (हि.स.)। मई दिवस, अर्थात अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस, पूरे विश्व में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन उन ऐतिहासिक श्रमिक आंदोलनों, उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने के लिए समर्पित है, जिन्होंने श्रमिकों के अधिकारों की नींव रखी। दुनिया के विभिन्न हिस्सों में श्रमिकों ने अपने अधिकारों के लिए लंबा संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप आज उन्हें कई बुनियादी सुविधाएं और अधिकार प्राप्त हुए हैं। इस दिन का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों के योगदान को सम्मान देना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

राज्य के अन्य क्षेत्रों की तरह शुक्रवार को गुवाहाटी में भी श्रमिक दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न श्रमिक यूनियनों के नेतृत्व में शहर में रैली और शोभायात्रा निकाली गई। इन रैलियों में श्रमिकों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने अधिकारों की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। बैनर, पोस्टर और नारों के माध्यम से उन्होंने अपनी एकता और संघर्ष का संदेश दिया।

इसी प्रकार धुबड़ी में भी मई दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रमिक आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात श्रमिकों के अधिकार, उचित वेतन, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर एक विचार-विमर्श सभा आयोजित की गई।

सभा में वक्ताओं ने श्रमिकों की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके अधिकारों की रक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना आवश्यक है।

मई दिवस के अवसर पर नगांव जिले के जिला आयुक्त ने शुक्रवार को इस दिन को एक अनोखे और सराहनीय तरीके से मनाया। उन्होंने पूरा दिन किसानों और श्रमिकों के बीच बिताया तथा उन्हें फूलाम गामोछा भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

शुक्रवार सुबह श्रम विभाग के माध्यम से विभिन्न श्रमिक संगठनों के सदस्यों को जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आमंत्रित किया गया, जहां उनके साथ मई दिवस के महत्व पर चर्चा की गई। इस दौरान जिला आयुक्त ने देश के विकास में श्रमिकों के अमूल्य योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी को मिलकर एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस प्रकार पूरे विश्व के साथ राज्य में भी श्रमिक दिवस श्रमिकों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ मनाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर