home page

प्रसूति मातृ मृत्यु दर में ऐतिहासिक गिरावट, स्वास्थ्य क्षेत्र में मारवाड़ी समाज का बड़ा योगदान : मुख्यमंत्री

 | 
प्रसूति मातृ मृत्यु दर में ऐतिहासिक गिरावट, स्वास्थ्य क्षेत्र में मारवाड़ी समाज का बड़ा योगदान : मुख्यमंत्री


गुवाहाटी, 26 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि राज्य में प्रसूति मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है और अब यह राष्ट्रीय औसत से भी नीचे पहुंच गई है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर निवेश, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, गर्भवती महिलाओं की बेहतर देखभाल तथा जनजागरूकता बढ़ाने का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर शुक्रवार को कहा कि एक समय असम में प्रसूति मातृ मृत्यु का आंकड़ा 480 था, जो अब घटकर 84 रह गया है। उन्होंने इसे राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार की निरंतर कोशिशों से मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को गुवाहाटी के माछखोवा स्थिति आईटीए सेंटर में आयोजित श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय की 110वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेते हुए उपरोक्त बातें कहीं। इस अवसर पर उन्होंने असम के साहित्य, संस्कृति, शिक्षा, सामाजिक जीवन, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में मारवाड़ी समाज के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

उन्होंने श्री मारवाड़ी दातव्य औषधालय और मारवाड़ी अस्पताल की 110 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर पूरे मारवाड़ी समाज को बधाई देते हुए कहा कि इस समाज ने सेवा, परोपकार और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कार्यक्रम में असम सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण आदि विभाग के मंत्री अशोक सिंहल, मारवाड़ी दातव्य औषधालय के अध्यक्ष शरत कुमार जैन, संस्था से जुड़े कई विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश