मोरिकोलोंग डकैती कांड के मास्टरमाइंड खैरुल अली की मौत से संतुष्ट पीड़ित रंजीत सैकिया
नगांव (असम), 26 मई, (हि.स.)। मोरिकोलोंग के चर्चित डकैती कांड के मास्टरमाइंड खैरुल अली उर्फ मोनी के नगांव पुलिस की गोली से मारे जाने के बाद डकैती के पीड़ित रंजीत सैकिया ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
रंजीत सैकिया ने कहा, “हमें न्याय मिला। पुलिस को धन्यवाद। इस दुनिया में भगवान हैं।” उन्होंने कहा कि डकैतों के हमले में उनकी चिकित्सक पत्नी रूपरेखा भुइयां सैकिया की मौत हो गई थी।
उल्लेखनीय है कि मोरिकोलोंग में हुई इस डकैती की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। घटना में चिकित्सक रूपरेखा भुइयां सैकिया की हत्या के बाद पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया था।
नगांव पुलिस के अभियान में मामले का मुख्य आरोपित और मास्टरमाइंड खैरुल अली उर्फ मोनी गोलीबारी में ढेर हो गया। पुलिस अधीक्षक ने दावा किया कि गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात पहुंची पुलिस की टीम को देखते ही आरोपित फायरिंग करने लगा। पुलिस द्वारा की गई जवाबी गोलीबारी में उसकी मौत हो गई।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

