home page

मोरीकलोंग डकैती कांड का मास्टरमाइंड उमर अली गिरफ्तार

 | 
मोरीकलोंग डकैती कांड का मास्टरमाइंड उमर अली गिरफ्तार


नगांव (असम), 26 अप्रैल (हि.स.)। मोरिकलोंग में हुए डकैती कांड में नगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड उमर अली को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मिंटू हुसैन नामक एक अन्य आरोपित को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डॉ. रंजित सैकिया के घर में हुई डकैती के सिलसिले में चलाए गए अभियान के दौरान दोनों आरोपितों को पकड़ा गया। इस दौरान पुलिस ने घर से लूटे गए नकद धन को भी बरामद किया है।

हालांकि, इस घटना में शामिल अन्य तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। ज्ञात हो कि बीते 23 अप्रैल की रात को डकैतों के दल ने डॉक्टर दंपत्ति पर हमला कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। दोनों को गंभीर स्थिति में गुवाहाटी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।

पुलिस ने बताया कि उमर अली एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी कई डकैती मामलों में शामिल रह चुका है। वह नगांव जिले के रूपही क्षेत्र के बरघुली गांव का निवासी है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश