मणिपुर में सुरक्षा बलों का बड़ा अभियान, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
इम्फाल, 10 मई, (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों द्वारा शनिवार को चलाए गए व्यापक तलाशी एवं कॉम्बिंग अभियानों में भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री, गोला-बारूद और संचार उपकरण बरामद किए गए। इस दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) के एक सक्रिय सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया।
रविवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार इम्फाल पूर्व जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र स्थित नोंगमाइजिंग चिंगखोंग की तलहटी में चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक इंसास राइफल, एक .303 राइफल, एक .32 पिस्टल, 11 हैंड ग्रेनेड, मोर्टार गोला-बारूद, आईईडी विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर तथा विभिन्न प्रकार के हथियारों के मैगजीन और 195 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा लगभग 13 किलोग्राम आईईडी विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई।
इसी प्रकार पोरोमपत थाना क्षेत्र के आवा चिंग और आसपास के इलाकों से एक 7.62 एसएलआर राइफल, एक 9 एमएम एसएमजी कार्बाइन, चीनी हैंड ग्रेनेड, एम-16 मैगजीन, वायरलेस सेट तथा अन्य गोला-बारूद बरामद हुआ।
हींगांग थाना क्षेत्र के मोंगजाम गांव और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान एक 12 बोर बंदूक, जिंदा कारतूस, हेलमेट, बुलेटप्रूफ जैकेट, बीपी प्लेट तथा वायरलेस उपकरण जब्त किए गए।
वहीं, चिंगखेई चिंग क्षेत्र से दो पिस्टल और 57 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने लुंघटर पहाड़ी क्षेत्र और सिनाकैथी इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर उग्रवादियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सात बंकरों पर भी कब्जा कर लिया।
एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) संगठन के सक्रिय सदस्य थियाम इनाओ सिंह (33) को इंफाल पश्चिम जिले के लांफेल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड, 15 राउंड 9 एमएम गोलियां, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पहचान पत्र बरामद किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

