मेघालय के शिलांग–दाउकी मार्ग पर भीषण भूस्खलन, वाहन दबा, चालक लापता
शिलांग, 21 अप्रैल (हि.स.)। मेघालय के शिलांग–दाउकी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के भीषण भूस्खलन की घटना सामने आई, जिसमें एक बोलेरो वाहन पूरी तरह मलबे में दब गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अचानक हुए भूस्खलन के चलते विशाल चट्टानें और मिट्टी वाहन पर आ गिरीं, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मलबे के नीचे दब गया।
घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक वाहन चालक का कोई पता नहीं चल सका है।
प्रशासन द्वारा लगातार राहत और बचाव अभियान जारी है, लेकिन इलाके में भूस्खलन के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। ज्ञात हो कि राज्य में पिछले दो-तीन दिनों से बारिश हो रही है। जिसके चलते इस तरह की घटना सामने आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

