ढकुवाखना में भयावह आग, व्यावसायिक प्रतिष्ठान जलकर राख
लखीमपुर (असम), 03 मई (हि.स.)। असम के लखीमपुर जिलांंतर्गत ढकुवाखना में गांधी मैदान के समीप एक भयावह आग की घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
रविवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने अचानक गांधी मैदान के पास स्थित एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में आग लगते हुए देखा। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया और स्थिति भयावह हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ढकुवाखना अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बावजूद आग पर पूरी तरह से काबू पाने में कठिनाई सामने आई। देर रात तक अग्निशमन कर्मी स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास करते रहे।
इस आग में प्रतिष्ठान की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी कारण से आग लगी, इसको लेकर पुलिस और संबंधित विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

