दुलियाजान के ऑयल मार्केट में भीषण आगजनी
डिब्रूगढ़ (असम), 27 अप्रैल (हि.स.)। दुलियाजान के ऑयल मार्केट क्षेत्र में रविवार की रात भीषण आग लगने से कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान जलकर राख हो गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत अबु बक्कर सिद्दीक नामक व्यक्ति की किराना की दुकान से हुई। देखते ही देखते आग ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई व्यवसायिक इकाइयों को भारी नुकसान पहुंचा।
अचानक लगी इस आग से बाजार में मौजूद व्यवसायियों और ग्राहकों के बीच हाहाकार की स्थिति उत्पन्न हो गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही ऑयल इंडिया लिमिटेड की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों की तत्परता और लगातार प्रयासों के चलते आग पर काबू पा लिया गया।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि संपत्ति के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

