हाजो के लाह शहीद बेदी चौक पर भयावह आग
कामरूप (असम), 22 मई (हि.स.)। हाजो के लाह शहीद बेदी चौक इलाके में बीती रात भयावह आग की घटना में लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग लगने के पीछे सिलेंडर विस्फोट को कारण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मोहन नाथ नामक व्यक्ति के घर में यह हादसा उस समय हुआ जब मधुमक्खियों को भगाने के लिए बकरी के पास रखे कचरे में आग लगाई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी आग की लपटें पास में रखे गैस सिलेंडर तक पहुंच गईं, जिससे विस्फोट हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आगजनी में घर का सारा सामान, बकरियां, बत्तख समेत अन्य घरेलू सामग्री जलकर नष्ट हो गई। घटना में मोहन नाथ के भाई के परिवार को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों की मदद और दमकल विभाग की तीन गाड़ियों के लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

