home page

(अपडेट) कामाख्या रेलवे स्टेशन के यार्ड में भीषण दुर्घटना

 | 

गुवाहाटी, 26 मई (हि.स.)। मंगलवार को गुवाहाटी केकामाख्या रेलवे स्टेशन के कोच मेंटेनेंस यार्ड में एक भयावह दुर्घटना होने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे विभाग की विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान 25 हजार वोल्ट की उच्च क्षमता वाली बिजली की चपेट में आकर दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कर्मचारियों की पहचान विकास चौहान और अब्दुल मोल्ला के रूप में की गई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कामाख्या रेलवे स्टेशन की विद्युत लाइन पर रेल डिब्बों में काम चल रहा था। इसी समय दोनों कर्मचारी अत्यंत सावधानी के साथ कार्य कर रहे थे। लेकिन अचानक किसी ने बिजली का कनेक्शन चालू कर दिया, जिससे पलभर में यह भयावह हादसा हो गया। तेज करंट लगने से दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुर्घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल विकास चौहान और अब्दुल मोल्ला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

इस घटना को लेकर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भारी चिंता और तनाव का माहौल है। काम के दौरान आखिर बिजली का कनेक्शन कैसे चालू हो गया, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, ड्यूटी में लापरवाही या आपसी समन्वय की कमी के कारण यह दुर्घटना हुई हो सकती है। हालांकि, पूरे मामले की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर