मार्घेरिटा में 127 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न: वैदिक मंत्रोच्चारण से गूंज उठा डिरक चाय बागान
तिनसुकिया (असम), 03 मई, (हि.स.)। मार्घेरिटा स्थित डिरक चाय बागान में आज एक आध्यात्मिक और पवित्र वातावरण में 127 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह सम्पन्न हुआ। ‘जनकल्याण संस्थान, जयपुर’ और ‘उत्तर-पूर्वांचल लोककल्याण समिति’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आज सुबह 11 बजे एक भव्य कलश यात्रा और वरुण आवाहन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मंगलमय अवसर पर योगेश शास्त्री, तेजपाल खंडेलवाल और सुरेश पारिक सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने उपस्थित होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
संपूर्ण विवाह संस्कार वैदिक रीति-रिवाजों और शास्त्रीय मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न किया गया। वेद मंत्रों की पवित्र ध्वनि से पूरा डिरक चाय बागान क्षेत्र एक तीर्थस्थल जैसा वातावरण बन गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने आयोजक समिति के इस समाजहितैषी पहल की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

