एजेपी में इस्तीफों की आंधी, धेमाजी में 10,332 सदस्यों ने छोड़ी पार्टी
धेमाजी (असम), 21 मार्च (हि.स.)। आसन्न असम विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्रीय दल असम जातीय परिषद (एजेपी) को धेमाजी जिले में बड़ा झटका लगा है। पार्टी के 10,332 पंजीकृत सदस्यों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है।
शनिवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में जिला नेतृत्व ने 23 क्षेत्रीय समितियों और 226 बूथ समितियों को भंग करने की भी घोषणा की। बताया गया कि 17 मार्च को हुई सामान्य बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था।
पार्टी नेताओं ने विपक्षी गठबंधन के तहत उम्मीदवार चयन को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि धेमाजी सीट के लिए एजेपी के प्रस्तावित उम्मीदवार को नजरअंदाज कर कांग्रेस प्रत्याशी को टिकट दिया गया, जिससे संगठन में असंतोष फैल गया।
जिला इकाई के नेताओं ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इस फैसले ने जमीनी स्तर पर पार्टी की ताकत और चुनावी संभावनाओं को कमजोर कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

