home page

शहीद सुजीत नार्जरी मेरिट छात्रवृत्ति के तहत 79 मेधावी विद्यार्थियों को मिली आर्थिक सहायता

 | 
शहीद सुजीत नार्जरी मेरिट छात्रवृत्ति के तहत 79 मेधावी विद्यार्थियों को मिली आर्थिक सहायता


कोकराझार (असम), 12 (हि.स.)। बोडोलैंड क्षेत्र में शिक्षा को प्रोत्साहन देने और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कोकराझार के चांदमारी स्थित बोडोफा सांस्कृतिक परिसर में शहीद सुजीत नार्जरी मेरिट छात्रवृत्ति के तहत आर्थिक सहायता वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बीटीसी प्रमुख हग्रामा मोहिलारी ने वर्ष 2026 की एचएसएलसी एवं एचएसएसएलसी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की।

इस छात्रवृत्ति योजना के तहत तीन श्रेणियों में विद्यार्थियों को सहायता दी गई। इनमें एचएसएलसी परीक्षा 2026 के शीर्ष 10 मेधावी विद्यार्थी, एचएसएसएलसी परीक्षा के विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय के शीर्ष 10-10 विद्यार्थी तथा एचएसएलसी परीक्षा में बोडो, असमिया और नेपाली एमआईएल विषयों में 100 अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शामिल हैं।

इस वर्ष कुल 79 विद्यार्थियों को इस योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें एचएसएलसी के 10 टॉपर, एचएसएसएलसी विज्ञान संकाय के 10, कला संकाय के 11 तथा वाणिज्य संकाय के 11 विद्यार्थी शामिल हैं। इस प्रकार कुल 42 विद्यार्थियों को टॉपर श्रेणी में पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

वहीं, एमआईएल विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 37 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें बोडो विषय में 100 अंक प्राप्त करने वाले 33, असमिया में दो तथा नेपाली में दो विद्यार्थी शामिल हैं। इस श्रेणी के लाभार्थियों को कुल तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा कार्यकारी सदस्य रबीराम नार्जरी ने इस अवसर को ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि जब तक बीपीएफ सत्ता में रहेगी, तब तक यह पहल प्रत्येक वर्ष जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही भविष्य के निर्माता हैं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर निवेश तथा प्रोत्साहन आवश्यक है।

इस अवसर पर बीटीसी प्रमुख हग्रामा मोहिलारी ने कहा कि शहीद सुजीत नार्जरी मेरिट छात्रवृत्ति का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि शहीद सुजीत नार्जरी के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देते हुए युवाओं को सशक्त बनाने, उनकी प्रतिभा को निखारने और बेहतर भविष्य के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जारी रहेगी।

मोहिलारी ने कहा कि शिक्षा ने इस क्षेत्र को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के साथ-साथ शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बीटीसी के विकास के लिए शांति और एकता सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा विद्यार्थियों के लिए अधिक अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया।

समारोह में विधायक सेवली मोहिलारी, पानिराम ब्रह्म, सभाराम बसुमतारी, कार्यकारी सदस्य रबीराम नार्जरी, देरहासात बसुमतारी, प्रकाश बसुमतारी, मून मून ब्रह्म, जेम्स बसुमतारी एवं कर्मेश्वर राय, एमसीएलए धनेश्वर गयारी, जुबिराज बसुमतारी, सुकर सिंह मुसाहारी एवं विलियम नार्जरी, अतिरिक्त प्रधान सचिव प्रांजित वारि, बोडो साहित्य सभा के अध्यक्ष गोपीनाथ बरगयारी, विभिन्न विभागों के सचिव, शिक्षा निदेशक सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा