कांग्रेस में नेताओं के पुत्रों की ‘पैराशूट लैंडिंग’ होती है: पबित्र मार्घेरिटा
गुवाहाटी, 05 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने आज कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि किसी राजनेता का बेटा राजनीति में आ सकता है, लेकिन कांग्रेस में नेताओं के बेटों की सीधे ‘पैराशूट लैंडिंग’ कराई जाती है। केंद्रीय मंत्री आज पार्टी मुख्यालय में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मार्घेरिटा ने कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी में लंबे समय से कुछ खास परिवारों को ही प्राथमिकता दी जाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की बजाय नेताओं के परिवार के लोगों को सीधे अहम जिम्मेदारियां दी जाती हैं।
ज्ञात हो कि हाल ही में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) द्वारा घोषित उम्मीदवारों की सूची में कई पूर्व वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के पुत्रों को विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर टिकट दिया गया है। जिसको लेकर कांग्रेस पर राज्य में परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री ने भी निशाना साधा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

