पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित कई महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाओं का उद्घाटन
इटानगर, 03 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चोवना मीन ने लोहित जिला के वाक्रो सर्कल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-III) के तहत निर्मित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाओं की एक श्रृंखला का उद्घाटन किया।
राज्य सरकार की ओर से रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि उपमुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास मंत्री दासंगलू पुल और तेजू विधायक डॉ. महेश चाई के साथ मिलकर बीते शनिवार को कहरे-तिल्लई सड़क पर बने 193.05 मीटर लंबे कामफाई पुल का उद्घाटन किया। यह पुल अरुणाचल प्रदेश में पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित सबसे लंबा पुल है। उन्नत तकनीक का उपयोग कर निर्मित यह परियोजना, तिल्लई, कंबन, तुम्बा और कथान जैसे काठन बेल्ट गांवों तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार करता है, साथ ही वाक्रो तक यात्रा का समय कम करता है और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करता है।
इसके अतिरिक्त, सांबलू जाने वाले एनएच 15 और फल नाले पर बने पुल का भी उद्घाटन किया गया। इससे मानसून के दौरान अक्सर कटे रहने वाले इस क्षेत्र में हर मौसम में विश्वसनीय आवागमन सुनिश्चित होगा। मेदो-नामगो सड़क और नामगो नाले पर बने पुल से अंतर-जिला संपर्क और मजबूत होगा और कृषि एवं चाय उत्पादों को बाजार केंद्रों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीण संपर्क को आर्थिक परिवर्तन की नींव बताया और कहा कि पीएमजीएसवाई परियोजना के शुभारंभ के बाद से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंच, अवसर और आवागमन में मौलिक परिवर्तन हुए हैं।
राज्य में अवसंरचना विकास की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए, मीन ने जोर दिया कि अरुणाचल प्रदेश सीमित सड़क निर्माण क्षमता वाले चरण से निकलकर अब सख्त गुणवत्ता नियंत्रण, आधुनिक इंजीनियरिंग पद्धतियों और मजबूत निगरानी प्रणालियों वाले चरण में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित प्रत्येक सड़क कई स्तरों पर गुणवत्ता जांच से गुजरती है, जिससे इसकी मजबूती और दीर्घकालिक प्रदर्शन सुनिश्चित होता है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

