मणिपुरः प्रीपाक (प्रो) की महिला कैडर गिरफ्तार, हथियार एवं हेरोइन बरामद
इंफाल, 03 मई (हि.स.)। हिंसा प्रभावित मणिपुर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों का लगातार अभियान जारी है। इस कड़ी में बीते 24 घंटों के दौरान चलाए गये विभिन्न अभियानों में एक महिला उग्रवादी, एक महिला मादक पदार्थ की तस्कर तथा हथियार एवं विस्फोट बरामद किये गये हैं। वहीं संवेदनशील इलाकों में वाहनों की निर्बाध आवाजाही को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया गया है कि बीते शनिवार को सुरक्षा बलों ने काकचिंग ज़िले के वाइखोंग पुलिस स्टेशन के तहत, भारत-म्यांमार सुगनू रोड पर थोंगजाओ मयाई लेइकाई इलाके से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (प्रो) की एक सक्रिय महिला कैडर को गिरफ़्तार किया। गिरफ्तार महिला की पहचान इंफाल पश्चिम ज़िले के पिशुम ओइनम लेइकाई निवासी लोंगजाम जेनेवी उर्फ़ थोइथोइबी देवी (34) के रूप में हुई है।
वहीं, अन्य एक अभियान में इसी दिन मणिपुर पुलिस ने इंफाल पूर्वी ज़िले के एंड्रो पुलिस स्टेशन के तहत एक मोबाइल चेक पोस्ट से क्वाथा की रहने वाली एक महिला, तखेलंबम सोनिया चानू (46) को 5.56 किलोग्राम अफ़ीम और एक मोबाइल फ़ोन के साथ गिरफ़्तार किया।
पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने अन्य एक अभियान में बीते 02 मई को इंफाल पूर्वी ज़िले के थौबल बांध पुलिस स्टेशन के तहत, हेनजांग गांव के इलाके से लगभग 9 किलोग्राम वज़नी एक आईईडी, एक 12 बोर की राइफ़ल और पांच 7.62 एमएम के जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
इसी बीच सुरक्षा बल विभिन्न ज़िलों के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और क्षेत्र पर अपना दबदबा बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। शनिवार को मणिपुर के विभिन्न ज़िलों में, पहाड़ी और घाटी दोनों इलाकों में, कुल 112 नाके/चेक पॉइंट स्थापित किए गए थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर ज़रूरी सामान ले जाने वाले 134 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए और वाहनों की निर्बाध व सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील रास्तों पर सुरक्षा काफिला उपलब्ध कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों के विरूद्ध विभिन्न थानों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

